पंजाब सरकार बदला खोरी की नीति पर उतरी : अमित तनेजा
पंजाब के बरनाला जिले के धौला स्थित ट्राइडेंट ग्रुप के औद्योगिक परिसर पर राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा की गई अचानक कार्रवाई बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक है। यह कार्रवाई ऐसे समय में की गई है जब ट्राइडेंट ग्रुप के संस्थापक और राज्यसभा सांसद राजिंदर गुप्ता ने हाल ही में आम आदमी पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी का दामन थामा है।
पंजाब में कानून व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। प्रदेश में एक ओर गैंगस्टरों का हौसला बुलंद है और अपराध की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, वहीं दूसरी ओर उद्योगपतियों और व्यापारियों को सरकारी तंत्र के माध्यम से परेशान किया जा रहा है। इससे साफ जाहिर होता है कि पंजाब सरकार अब बदला खोरी की राजनीति पर उतर आई है।
भाजपा प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य एवं मीडिया पैनलिस्ट अमित तनेजा ने कहा कि पंजाब में लगभग हर दिन लूट, फिरौती, गोलीबारी और कत्ल की घटनाएं सामने आ रही हैं। आम नागरिक असुरक्षा के माहौल में जीने को मजबूर है। व्यापारी और उद्योगपति भय के माहौल में काम कर रहे हैं। लेकिन दुर्भाग्य की बात यह है कि राज्य सरकार इन गंभीर मुद्दों पर ध्यान देने की बजाय राजनीतिक विरोधियों को निशाना बनाने में लगी हुई है।
उन्होंने कहा कि हाल ही में जिस प्रकार उद्योग जगत से जुड़े प्रतिष्ठित संस्थानों पर अचानक छापेमारी और कार्रवाई की जा रही है, उससे साफ प्रतीत होता है कि यह कदम प्रशासनिक प्रक्रिया से अधिक राजनीतिक मानसिकता का परिणाम है। उद्योगों को डराने और दबाव में लाने की यह नीति पंजाब जैसे औद्योगिक राज्य के लिए बेहद नुकसानदेह साबित हो सकती है।
अमित तनेजा ने कहा कि पंजाब को आज उद्योगों, निवेश और रोजगार की सख्त जरूरत है, लेकिन मौजूदा सरकार के रवैये के कारण निवेशकों का भरोसा लगातार कमजोर हो रहा है। जब उद्योगपति खुद को असुरक्षित महसूस करेंगे और उन्हें राजनीतिक कारणों से परेशान किया जाएगा, तो इससे पंजाब की आर्थिक प्रगति पर सीधा असर पड़ेगा।
उन्होंने आगे कहा कि पंजाब में एक ओर गैंगस्टरों को खुली छूट मिलती दिखाई दे रही है, जबकि दूसरी ओर उद्योग और व्यापार से जुड़े लोगों पर दबाव बनाया जा रहा है। यह दोहरी नीति प्रदेश के लिए बेहद खतरनाक है। सरकार को अपराधियों पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए और उद्योगों को सुरक्षित वातावरण देना चाहिए, लेकिन वर्तमान सरकार इसकी बजाय बदले की राजनीति कर रही है।
अमित तनेजा ने कहा कि पंजाब की जनता सब कुछ देख और समझ रही है। प्रदेश के लोग अब इस अराजकता, असुरक्षा और बदले की राजनीति से तंग आ चुके हैं। आने वाले समय में जनता इसका लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देगी।
उन्होंने अंत में कहा कि पंजाब की मौजूदा सरकार अब ज्यादा समय तक टिकने वाली नहीं है। जनता विकास, सुरक्षा और स्थिरता चाहती है, और वही ताकत भविष्य में पंजाब की दिशा तय करेगी।
पंजाब सरकार बदला खोरी की नीति पर उतरी : अमित तनेजा
